नशे की लत या लत का नशा


* नशे की लत या लत का नशा *

शब्दों के हेर फेर से किसी बात के मायने कैसे बदल जाते हैं इसका जीवंत उदाहरण यहाँ लिखा हुआ यह आलेख का शीर्षक है। हमारी ज़िंदगी में कई ऐसे उदाहरण हैं जिसमें नशा है और उसकी लत बहुत ख़राब है। कितने ही ऐसे नशे हैं जिसके हम शिकार हो जाते हैं और फिर ना हमें सही दिखता है ना ग़लत ना सच नाही झूठ। हमें जो दिखता है या यूँ कहें कि जिसके हम ग़ुलाम हो जाते हैं वह नशे की लत नहीं बल्कि उसके लत का नशा है।
यहाँ तक यह बात तो सिर्फ कहने तक बहुत तर्कसंगत लग रही है पर इससे लोगों को कितना मज़ा आता है और कितनी भयंकर बीमारियाँ होती हैं यह बात भी जग ज़ाहिर है। मैं स्पष्ट कर दूँ कि यहाँ नशे की लत और लत का नशा किसी भी तरह का हो सकता है जैसे वह काम, प्रतिशोध, खान पान, पढ़ाई, पोशाक, हैसियत या चाहे वह फिर स्वास्थ्य ही क्यों ना हो। आज ज़माने में कोई भी किसी से किसी मामले में कम नहीं दिखना चाहता और जहाँ बात उसके जुनून के ऊपर चली जाती है तो वह नशा हो जाता है और फिर उसकी लत लग जाती है। 
एक कथन है कि :-

                       " करत करत अभ्यास ते जड़मति होत सुजान
                       रसरी आवत जात ते सिल पर पड़त निशान "

यह कथन बहुत क्लिष्ट नहीं है और इसके मतलब भी बहुत स्पष्ट हैं पर अगर इस कथन में अभ्यास को एक सतह पर ले जाकर उसे हम नशे में बदल दें तो यह कितना भयावह रूप ले लेगा? हज़ार बार किसी काम को करना अभ्यास हो सकता है पर अगर उसके समय निर्धारण को हम कहीं छुपा दें और जो व्यक्ति उस काम को कर रहा है उसके ज़ेहन में यह बात ही न आए की यह अभ्यास कब तक करना है और इसके परिणाम क्या होंगे तो सोचिये कि यह लत कैसा होगा। 
अब अगर उस लत को ही हम नशे में बदल दें तो? इसके लिए मेरे नज़रिए से एक ही शब्द सही लग रहा है और वह है विनाशकारी। 
इस आलेख को लिखने का मेरा परम उद्देश्य यह है कि आज कल जिस तरह युवा वर्ग नशे में धुत होकर अपने आप को एक दूसरे के हैसियत से श्रेष्ठ समझने की कोशिश करते हैं वह वाक़ई में निंदनिय है। हालाँकि कई जगहों पर इसकी खोज ख़बर उनके अभिभावकों को होती है और कहीं छुप छुपा कर यह उन्माद युवा वर्ग को खोखला करता जा रहा है। स्थिति चिंतनीय है और इसपर कई राज्यों के सरकार, ज़िला स्तर, प्रखंड और जितने भी छोटे स्तर के चरण है उनको मिलकर प्रतिबंध लगाना चाहिए। सिर्फ एक समन्वय जारी कर देने या फिर उसके प्रचार से यह सोच समझ का रूप नहीं ले सकती। आख़िर में इतना ही लिखूँगा की ख़ुद की कब्र खोदना बन्द करें और अगर आप किसी भी नशे से ग्रसित हैं तो पहले उसके लत को ख़त्म करें। यह आपके साथ साथ कई लोगों की ज़िन्दगी बचा सकती है और हाँ यह ज़रूरी है बहुत ज़्यादा ज़रूरी है।



Comments

Post a Comment

Popular posts from this blog

दास्तां-ए-जुनून

मेरे आस पास

सड़क