संशोधन और सामंजस्य
संशोधन और सामंजस्य
एक देश है भारत, एक अटल मानसिकता है राष्ट्रीयता और एक हम हैं वहाँ के नागरिक। यहाँ अक्सर ही धर्म और कर्म में कहा सुनी होती रही है, चाहे वो शब्द से हो या शोर से। थोड़ी गहराई की पड़ताल करें तो यहाँ कई बुद्धिजीवी और कई शोर सामर्थ्य से अपनी बात कहने वाले व्यक्ति हर मोड़ पर सजीव मिल जाएंगे।
इतनी बातें तो किसी भी वेबसाइट पर आपको एक कॉलम में ज़बरदस्त एंट्री लाइन के तौर पर मिल जाएगी। लेकिन अब आगे जो मुद्दा है वो मसला बन चुका है… तो बात उसकी करते हैं। अभी चन्द दिन पहले की बात है देश में एक संशोधन हुआ। संशोधन साल 1955 में बनाये गए कानून का जिसे नागरिकता कानून भी कहते हैं। परम्परा से प्रभावित होकर हम आज तक यही मानते आए हैं कि वसुधएव कुटुम्बकम मतलब मेहमान भगवान होता है। मुद्दा तो यह है कि क्या संशोधन जो हमारी सरकार ने हमाम के लिए लाया वह जिस तरह रखा जाना था रखा गया और यदि रखा गया तो उसकी ज़मीनी हक़ीक़त हमें क्या नज़ारे दिखा रही है। हालांकि यह वाक्य सत्य है कि किसी भी नएपन को बिना विरोध के स्वीकारा नहीं गया है। देश की दिशाएँ आज कल विध्वंसक दृश्य दिखा रही है। मध्य भारत से लेकर पूरब, पश्चिम, उत्तर और दक्षिण हर तरफ़ विरोध और आक्रोश के नारे लोगों में हिंसक जोश बढ़ा रहे हैं। इसका सबसे प्रबल असर देश के विद्यार्थियों पर पड़ रहा है। जो प्रशासन से ख़ुद भिड़ जाना चाह रही है। सनसनाती और गहमागहमी के बीच ये छात्र अपनी ज़िन्दगी कि परवाह किये बग़ैर ही सड़कों पर उतर आए हैं, शब्द से ज़्यादा शोर का सहारा और वो काम नहीं आया तो शांति भंग तो चल ही जायेगा। इसमें कोई अचरज की बात नहीं कि सीधे साधे भी ज़द में नहीं लिए गए होंगे… और बिना किसी दूसरी सोच के ये कहने में कोई आपत्ति नहीं है कि किसी तीसरे का हाथ न हो। भले वो कानून समझ से परे की बात हो लेकिन उसमें अपने हाथ की आज़माइश ज़रूर करेंगे। तल्खियाँ धर्म के नाम पर सबसे ज़्यादा पनपती हैं और यहाँ तो बात भारत के अलावा तीन पड़ोसी देशों का है। जिसमें एक देश जिसकी बात करनी तो लाज़मी है और वो है पाकिस्तान। वो मुल्क़ जो हमारे देश में तेज़ हवाएं बहने पर भी अपनी टांग सीधी कर लेता है। तो इस बार तो बात वहाँ से यहाँ देश की शरण में रह रहे लोगों का है। बाक़ी दो देशों से भी भारत के सम्बन्ध खासा अच्छे रहे हैं लेकिन भीतर ही भीतर उस पर क्या चल रहा है कह नहीं सकते। फिलहाल देश में माहौल क्रांतिस्थल के चरम पर है और कुछ नागरिक अपने वजूद को सरकार के तफ्तीश के भरोसे पर छोड़े हुए हैं, कुछ अनजान हैं इस उहापोह में, कुछ के मन में जन कल्याण की भावना अभी भी चोट मार रही है, और कुछ अपने धार्मिक पक्षों पर सवालिया निशान खड़े होते देख कर सरकार ही पलट देना चाह रहे हैं।।बात बड़ी है क्योंकि भारत के साथ साथ कई देशों की प्रतिक्रियाओं ने देश के दिग्गज बुद्धिजीवियों के होश उड़ा रखे हैं।
ऐसे में देश का प्रशासन, देश की आबादी, देश की सम्पदा और सबसे पहले अपना देश जो सार्वभौमिक तौर पर एक नई राह देखना चाहता है के बीच क्या सामंजस्य स्थापित हो पाएगा यह सवाल का उत्तर तो समय के साथ परिलक्षित होगा।

Comments
Post a Comment