मेरे आस पास

 पिछले कुछ दिनों से या यह कह लूँ की महिनों से प्रयासरत हूँ अपने भीतर के ठहराव के लिए, सोचता हूँ कि कुछ देर ठहरा जाए, रुका जाए, आत्ममंथन किया जाए और संक्षेप तक लेकर आया जाए मन में चल रहे असंख्य लालसा और विचरण कर रहे अथक अभिलाषा की।


इसी दौरान यह सब सोचते मुझे दिखते हैं विभिन्न आकृतियाँ अलग अलग परिदृश्य,

ऊंचा उड़ते आसमान में जब क्षितिज की ओर देखता हूँ तो दिखता है डूबता सूर्य और उसके चारों तरफ दूर तक फैली हुई चटक पीले रंग की चादर, और फिर उसके छोर पर सुर्ख रंग की एक पट्टी जो धीरे धीरे रात में विलय होती चली जा रही है। 

पहाड़ों से लगाव है, तो जब भी जाता हूँ वहाँ, तो क़रीब से देखता हूँ वीरान पर जीवंत प्रकृति को, जिसे अब हमारी पँहुच ने हल्का फुल्का ख़राब कर दिया है।

ठंढ़ के मौसम की धुंध से पटी सड़क पर नज़र जाती है, और वो गली दिखती है जो सुनसान है, जिसकी सड़क को पोल पर लगी बत्ती से आ रही नारंगी रौशनी सराबोर कर रही है।

हाँ एक आज कल लगभग ज़रूरी हो गए चीज़ से तो रोज़ ही मिलना होता है,,,,हहह फ़ोन कहते हैं इसे, इसमें अनेकों तथ्य हैं, आप गरीब हैं यह भी तथ्य है, आप नासमझ हैं यह भी तथ्य है, और तो और आप क्या सोच रहे हैं इन सब की जानकारी यहीं है। इन सभी तथ्य के होते हुए भी संघर्ष रहता है खुद से कि चार बातें कर्णप्रिय हो और हो सके तो समझ में लाकर जीवन में उसका अनुसरण हो।

कुछ एक किताबें कविताओं की पढ़ता हूँ और हर बार नए प्रकरण की तरह पढ़ता हूँ। चंद लेखक को पढ़ा है और उन्होंने दुनिया को जिस नज़र से देखा है वो बेहद कारगर है हमारी और आपकी असल जिंदगी को जीने के लिए।


गाड़ी में सफर के दौरान घूमता हूँ कई शहर और देखता हूँ दुनिया के कई व्यस्ततम लोग जो मेरी तरह ही घिरे हुए है अपने रोजमर्रा के काम में। वहाँ के शोर को बन्द शीशे के पीछे से सुनने की कोशिश करता हूँ, सभी व्यस्त हैं, मैं भी।



इस से आगे फिर कभी।।

- श्रेय







Comments

Popular posts from this blog

दास्तां-ए-जुनून

सड़क