दास्तां-ए-जुनून
* दास्तां-ए-जुनून *
“ज़िंदा कुछ यूं है मेरे अंदर की ;
जज़्बा भी बरक़रार है और ख़्वाहिश भी”
ये कुछ शब्द जब भी मेरे ज़हन में आते हैं मैं ख़ुद को ख़ुद से जुड़ा हुआ महसूस करता हूँ। बचपन से लेकर आज तक ख़ुद को ढूँढता रहता हूँ। एक मध्यमवर्गीय परिवार से ताल्लुक रखने वाला मैं बड़े ही आत्मीयता से दूसरों से मिलना और बातें करना पसंद करता हूँ। बात तब से शुरू होती है जब मैंने होश संभाला और उसके कुछ सालों बाद से ही मुझे जिज्ञासा ने जैसे घेर सा लिया। बारिश होती है तो बुलबुले कैसे पानी में उभर आते हैं...,? उस वक़्त दिशा का ज्ञान न था इसलिए सूरज को निकलता देख मैं अक्सर ये सोचा करता कि ये इधर से निकल के उधर को ग़ायब कहाँ हो जाता होगा…,? मेरे घर में एक टेलीफ़ोन था जिसपर जब भी किसी का कॉल आता तो मैं यह सोचता कि उस इंसान की आवाज़ यहाँ तक कैसे आ जाती है…,? ऐसे न जाने कितने अटपटे और बचकाने सवालों का शहर मेरे मन में बसा था। जैसे जैसे मेरी पढ़ाई आगे बढ़ती गयी मेरे अटपटे सवालों का एक एक कर जवाब मिलता गया। अब सवालों के शहर को जुनून की दुनिया ने हथिया लिया है…..हाँ… जिज्ञासा मेरे अंदर अब भी स्थिर है।
“तू ख़ुद की खोज में निकल
तू किस लिए हताश है
तू चल तेरे वजूद की
समय को भी तलाश है”
ये कुछ पंक्तियाँ फ़िल्म पिंक की हैं जिसे हमारे सिनेमा जगत की शान कहे जाने वाले श्री अमिताभ बच्चन जी ने अपनी आवाज़ में कहा है। ऐसी चंद पंक्तियाँ मुझे आज भी प्रोत्साहित कर जाती हैं। ख़ुद को दूसरों से एक अलग किरदार में देखने का मेरा बड़ा मन करता है। ज्यों ज्यों मैं अपने उम्र के साथ बढ़ता गया समझ भी थोड़ी सजग हुई। ज़िन्दगी अपने नए आयाम ढूंढने लगी थी लेकिन अब आगे क्या….? अब सवाल और जुनून एक साथ थे। यहाँ इस पड़ाव पर मुझे सवाल तो समझ आ रहा था पर जुनून किस बात की है कुछ भनक तक नहीं थी। मन में चल रहे इसी उथल पुथल के बीच मैंने एक रेडियो स्टेशन में अपने हुनर को पहचानने का फ़ैसला किया। ख़ुशी हुई कि मैं उसमें चुन लिया गया था और मेरी प्रतिभा में इज़ाफ़ा तब हुआ जब वहाँ कुछ दोस्तों और सर ने मिलकर मुझे प्रोत्साहित किया और सही मंज़िल की राह दिखाई। वो कहते हैं ना कि अपनी राह ख़ुद बनाओ तो उसपर चलने का मज़ा ही अलग आता है। वहाँ कुछ समय अपने आप को मैंने वक़्त दिया और वहाँ के आबोहवा में घुलमिल गया। वहाँ आवाज़ की दुनिया थी पर मैं तो जैसे एक काले चीज़ पर फ़िदा हो चुका था……….वो वहाँ के जो सर थे उनका एक DSLR कैमरा था। मेरे नज़रों ने नज़ारों को देखने के लिए एक अलग तरह की वस्तु का चयन किया था। हमारी ज़िंदगी में ये हम अक्सर सुनते हैं कि “काले चीज़ पर नज़र नहीं लगती” पर शायद यहाँ कैमरे ने मुझसे नज़रें मिला ली थीं। शुरू शुरू में तो उस कैमरे को छूना भी एक मिशन जैसा लगता था। पर जैसे जैसे मेरा रुझान उसमें बढ़ता गया वो आसान लगने लगा और हाँ एक महत्वपूर्ण बात की उसे सीखना और उस कैमरे को चलाना एक जुनून का शक्ल लेने लगा।
मैंने अब सवाल और जुनून दोनों को समझ लिया था अब बस दरकार थी तो उस मंच की जहाँ से मुझे लोग उस वजह से जान सकें और मैं एक अलग किरदार में लोगों को दिख सकूँ। मेरे सर ने इस बात को समझा और बतया की तुम किसी अच्छे कॉलेज से एक डिग्री लो और फिर तुम्हारे कौशल को सही पहचान मिलेगी। सबसे पहला नाम मेरे ज़ेहन में जो था वो था जामिया मिल्लिया इस्लामिया। ये नाम इसलिए, क्योंकि मैं एक मध्यमवर्गीय परिवार से आता हूँ और यही एक कॉलेज है जिसमें मैं अपने घर की आमदनी में पढ़ सकता था और पढ़ाई भी यहाँ बेहतरीन होती है। इस बात से मैं ख़ुद को सौभाग्यशाली मानता हूं क्योंकि मुझे मेरे माता पिता ने मेरे जुनून को समझा और मैं जो करना चाहता हूँ उसकी छूट दी। बात 2017 की है मैंने उस कॉलेज में दाखिले के लिए कोई पढ़ाई नहीं कि पर परीक्षा देने दिल्ली गया और फिर क्या…………….मैं फ़ेल हो गया। मायूस नहीं था मैं……,,,……..ख़ुश था क्योंकि…,,…...बेशक कुछ नंबर से ना चुने जाने का उतना दुख इसलिए नहीं हुआ क्योंकि उससे ज़्यादा इस बात की ख़ुशी थी कि मैं उस परीक्षा में पास हो गया था। मैंने मन में ठान लिया कि अगली बार तो कैसे भी उस सीमा को लांघना है और दुनिया को दिखाना है कि एक छोटे से शहर में रहने वाला लड़का भी एक बड़े शहर के कॉलेज में अपना झंडा गाड़ सकता है। वक़्त बीतता गया और 2018 में मैं प्रवेश कर चुका था। तारीक 10 फ़रवरी 2018 ठीक रात 10:25 मिनट पर मेरी ट्रेन छपरा से दिल्ली के लिए रवाना हुई और मन में उत्साह, जुनून, और मेहनत के शोलों को लेकर मैं क़िला फ़तह करने निकल पड़ा। आज 21 मार्च को भी मेरे आंखों के सामने सोते जागते हर वक़्त बस 5 मई का वो दिन नज़र आता है जब मैं उस परीक्षा में बैठा होऊंगा। उम्मीद और भरोसा दोनों मेरे साथी मेरा उस वक़्त तक साथ ज़रूर देंगे और दास्तां-ए-जुनून कामयाब होगा।
- श्रेय

Comments
Post a Comment