एक रात...जब सो न सके

एक रात...जब सो न सके

बात कल रात की है जब घड़ी में 10:45 मिनट हो रहे थे। अचानक बिजली गुल हो गयी, और जिस वक़्त बिजली गयी उस समय मैं अपने बिस्तर पर था जिसपर एक तरफ़ कुछ कपड़े बिखरे पड़े थे और दूसरी तरफ़ मैं अपने मोबाइल फ़ोन में एक ब्लॉग टाइप कर रहा था। एकाएक बिजली के जाने के बाद अंधेरा इस क़दर पसरा था कि मुझे अपने फ़ोन के स्क्रीन के अलावा और कुछ नज़र नहीं आ रहा था। थोड़ी देर तक इंतज़ार करने के बाद भी जब बिजली नहीं आयी तो फिर मैंने अपने फ़ोन के फ़्लैश लाइट को जलाया और दूसरे कमरे में रखे इन्वर्टर का जायज़ा लेने पंहुचा। आख़िर ये बंद क्यूँ पड़ा है…? थोड़ा तार को हिला डुला कर देख ही रहा था कि फ़ौरन मुझे याद आया….कि पिछली रात को भी ऐसे ही बिजली गयी थी और मैंने पूरा क्रिकेट मैच इन्वर्टर के सहारे देखा था और इसे चार्ज में तो मैंने लगाया ही नहीं। वापिस से अपने कमरे में आकर मैं फिर से बिस्तर पर बैठकर ब्लॉग टाइप करने लगा।
                                           बिजली गए लगभग एक घंटा हो चुका था। कुछ मच्छर मेरे कानों को अपना श्रोता मान चुके थे और अपनी आवाज़ ज़बरदस्ती मुझे सुनाने की कोशिश कर रहे थे। मुझे थोड़ी देर में ये एहसास हो गया कि ये मच्छर और बिजली विभाग के लोगों की प्रविर्ती एक जैसी है जो ये दोनों बेहद ढीट हैं, एक ये मच्छर हैं जो मुझे ज़बरदस्ती अपनी बेसुरी आवज़ सुनाना चाहते हैं और दूसरी तरफ़ वो बिजली वाले जो कि बिजली नहीं दे रहे हैं। चुकि मेरे पास एक स्मार्टफ़ोन है तो ज़ाहिर सी बात है कि मेरे फ़ोन में व्हाट्सएप्प तो ज़रूर होगा। मेरे फ़ोन में एक व्हाट्सएप्प पर संदेश आया की आज पूरी रात बिजली पूरे गाँव में काट दी गयी है क्योंकि पास के एक शहर में आज किसी मंत्री जी के यहां शादी है तो बिजली की पूर्ति वहाँ करनी पड़ी है। ये सूचना एक ग्रुप में आई थी क्योंकि उसमें कुछ शहर के सरकारी अफ़सर थे। मैंने मन ही मन आज की रात और कल के दिन के बारे में सोचा की आज पूरी रात तो मैं सो नहीं पाऊंगा और दूसरा कल,,कि मैं आज अगर नहीं सो पाया तो कल दफ़्तर जाने में आलस्य का सामना करना पड़ेगा। ये हालात अगर ठंढ में होते तो कोई दिक्कत नहीं थी पर माजरा तो भीषण गर्मी में हुआ था। यही सब सोचते हुए मैंने समय देखा तो 12 बज चुके थे और गर्मी और मच्छर से मेरा बुरा हाल था। मैंने फ़िलहाल की राहत के लिए छत पर जाने का फ़ैसला किया और छत पर चला गया। मेरा घर दो मंजिल का है तो सोचा कि ऊपर कम से कम मच्छरों से तो निजात मिलेगा पर शायद मैं ग़लत सोच रहा था क्योंकि मुझे गए अभी पांच मिनट भी नहीं हुए होंगेे कि वहाँ उनकी फ़ौज ने मुझसे पहले अपनी उपस्थिति दर्ज कर दी थी। मैंने टहलने की सोची और कुछ ही दूरी के अंदर चहलक़दमी जारी रखा। यहां इस धरती पर ये मनुष्य की प्रवृत्ति है कि हम ख़ुद जब तकलीफ़ में हों तो बहुत दुःखी महसूस करते हैं, मैंने पूरा जगत तो नहीं देखा पर हाँ अपने भारत के लोगों की ये प्रविर्ती ज़रूर देखी है कि जब वो दूसरों को ख़ुशी और चैन से रहते देखते हैं तो थोड़ा ज़्यादा तकलीफ़ महसूस करते हैं। ऐसा बिल्कुल मेरे साथ भी है क्योंकि मैंने भी जब बगल के घर में इन्वर्टर से जल रही बल्ब और चलते पंखे को देखा तो मैं भी बहुत दुःखी हुआ। ये देखने के बाद अब मामला मेरे बर्दाश्त से बाहर का था क्योंकि मच्छर मेरे शरीर पर हल्ला बोल चुके थे और उनका पूरा जत्था मेरे सर पर मंडराता हुआ अपनी गुनधून आवाज़ निकाल रहा था। मैंने फ़ौरन फ्लैशलाइट जलाई और सरपट सीढ़ियों से नीचे की ओर भागा। जल्दि से जल्दी बिस्तर पर पड़े कपड़ों को एक कुर्सी पर फेंका और मच्छरदानी को दीवार पर लगे कांटियों के सहारे बांधने लगा। इतना ही नाम मात्र काम मैंने किया था कि पसीना अपनी पूरी रफ़्तार में मेरे शरीर पे बहने लगा। पूरा बदन भींग चुका था और मैंने जो हाफ-टीशर्ट पहना था वो पसीने से सराबोर हो चुका था। कैसे भी करके मैंने मच्छरदानी लागई और उसमें जा घुसा। रात बहुत हो चुकी थी और नींद आने का नाम नहीं ले रही थी। मेरे पास गर्मी से बचने के लिए एक उपाय ज़रूर था वो था मेरा हाथ वाला पंखा जो की जर्जर स्थिति में था पर मेरे अभी बड़े काम आ सकता था। मैंने उसे ढूंढा और वो मुझे मेरे बिस्तर के नीचे पड़ा मिला…,, मैंने तुरंत उसे लिया और उससे ख़ुद को हवा करने लगा। थोड़ी देर हवा करने के बाद ठंडी क़सम……. गर्मी से कुछ राहत ज़रुर मिली पर नींद का कोई नामोनिशान नहीं था। समय फ़ोन में देखा तो सुबह के पौने पांच बज चुके थे और मैं अब मन में सोने की इच्छा को पूर्ण रूप से ख़त्म कर चुका था। थोड़ी देर में म्युनिसिपल वाले जो कचरा उठाने आते हैं उनकी आवज़ कानों में पड़ने लगती इसलिए मैं फिर से उस बिस्तर पर लगे जाल के अंदर लेटकर फ़ोन में ब्लॉग टाइप करने लगा। अचानक बिजली तो आ गयी और नींद अब पूरी तरह ग़ायब। बालकनी में जाके देखा तो कुछ अख़बार वाले अपनी तेज़ रफ़्तार साईकल से भागते दिखे और कुछ लोग हाथ में लोटे को लेकर अपने आदत से बिना बाज़ आये खेत की ओर जाते नज़र आये। और यह सब देखते मैं सोच रहा था कि ये बिजली की समस्या तो आती जाती रहेगी और हम लोग अपनी दिनचर्या को फिर से निभाने में लग जाएंगे…..।।


      
                                                               - श्रेय

Comments

Popular posts from this blog

दास्तां-ए-जुनून

मेरे आस पास

सड़क