गाँव की हाट

                         गाँव की हाट

चिलचिलाती धूप अब पश्चिम दिशा में अपने आख़िरी चरण में प्रकाश फैला रही थी। मैं अपने दादाजी के साथ अपने गाँव के घर के समीप वाले एक हाट के भ्रमण के लिए निकला। चूँकि घर से वो दूरी पैदल तय की जा सकती थी तो हमदोनों ने पग यात्रा का आनंद लेना उचित समझा। हम थोड़ी दूर चले ही थे कि मेरे दादाजी ने इशारे से समझाया कि वही वो बाज़ार है जहाँ से मैं बचपन से सब्जियां और बाकी वस्तुएं ख़रीदता था।
                                                 हाट ज्यों ही हम पंहुचे उन्हें किसी ने प्रणाम कहा। ये सुन के ऐसा आभास हुआ कि मेरे दादाजी को यहाँ आज भी लोग ज़रूर पहचानते हैं। हाट का अविस्मरणीय दृश्य आज भी मेरे मन के श्यामपट्ट पर सहज ही अंकित हो उठता है। कहीं से पके हुए भुट्टे की सुगंधित ख़ुशबू तो कहीं से गर्म समोसे और ताज़ी जलेबियों की महक मेरे नाक को सराबोर कर रही थी। कुछ लोग सब्जी की ख़रीददारी में अपने मोल भाव के गुण को आँक रहे थे। कुछ निम्न और मंद बुद्धि के मनचले युवक एक छोटी सी दुकान के अंदर एक कोने में बैठ कर कुछ नशीली चीज़ों का सेवन कर रहे थे। मैं मेरे दादाजी के साथ कुछ राशन का सामान लेने के लिए एक दुकान पर पहुँचा। वहाँ कुछ बच्चे अपने अभिभावकों से खिलौने और खाद्य पदार्थ ख़रीदने की गुज़ारिश करते नज़र आ रहे थे। गांव के बाज़ार की सबसे ख़ास बात मुझे यह लगी कि वो थोड़े समय के लिए खुलता था और उसी अंतराल के भीतर वहाँ वास्तविक चहल पहल देखने को मिलती थी। इन सारे नज़ारों पर ग़ौर फ़रमाने के बाद मैं मेरे दादाजी के साथ हाट के दूसरे छोर पे पंहुचे जहाँ कुछ लोग एक टोली के रूप में इकट्ठा होकर कुछ स्थानीय नाच प्रस्तुत कर रहे थे। मुझे दादाजी ने बताया कि इसे झिझिया नाच कहते हैं। कुछ लोग उसमें से ढोल और मजीरे की मदद से अलग तरह के ध्वनि को उत्पन्न कर रहे थे। ये सब मैंने उस दिन से पहले कभी नही देखा था। मन हि मन इस बात की ख़ुशी थी कि इसे समझने और देखने का अवसर तो मिला। आख़िर अब हमें वहाँ से वापिस घर को आना था और शाम भी पूरी तरह ढल चुकी थी। सारी राह मैंने दादाजी को अपने ज़ेहन में चल रहे सवालों की वर्षा से तर-बतर किये रखा और वो मुसकुराते हुए मेरे हर एक प्रश्न का उत्तर अपने शब्दों में देते रहे। गाँव की हाट घूमने के बाद ये तो पता चला कि गांव के रिति रिवाज़, भाषा, और वहाँ के अलग थलग व्यक्तियों के व्यक्तित्व को सजीव तौर पर अवलोकित करने का अवसर मिलता है। ये थी मेरे गाँव के हाट की एक छोटी सी झलक।

                                                         - श्रेय शेखर

Comments

  1. Bahut sunder......God bless you .

    ReplyDelete
    Replies
    1. बहुत बहुत धन्यवाद आपका

      Delete

Post a Comment

Popular posts from this blog

दास्तां-ए-जुनून

मेरे आस पास

सड़क