सफ़र मध्यप्रदेश का...

तारीख़ 21 जनवरी 2024, 

कार्यालय से संदेश मिला कि मध्य प्रदेश में कुछ वीडियो शूट करने जाना है। मैंने सोचा कि हर एक महीने में एक बार भारत दर्शन करने का मौका मिले तो क्यूं न इसे दस्तावेज की शक्ल दी जाए।

तो जनवरी के आखिरी हफ़्ते में मैं और मेरे कार्यालय के सहकर्मी शिवांग दोनो निकल पड़े मध्य प्रदेश की ओर। इंदौर जाने के लिए हमारी ट्रेन लगभग रात दस बजे नई दिल्ली से थी। यह सोच कर कि पहली बार भारत के मध्य में स्थित एक राज्य को कुछ दिन के लिए जानने का मौका मिलेगा हम दोनों काफी उत्साहित थे। अगली सुबह यानी बाईस जनवरी को हमारी ट्रेन सुबह दस बजे इंदौर पंहुच गयी। गुज़रती स्टेशन में से कुछ एक चर्चित नाम थे मथुरा, उज्जैन, कोटा इत्यादि। इंदौर पंहुच कर जो हमने देखा वह कई सालों से हम सुनते और सामान्य ज्ञान के विषय में पढ़ते आ रहे थे कि इंदौर भारत का सबसे साफ सुथरा शहर है। यह बिल्कुल सही बात थी, जब हमने स्टेशन को पैदल पार करने वाले पुल से देखा तो हम दोनों अपने परिवार वालों को यह दृश्य वीडियो कॉल करके दिखाने लगे। दो प्लेटफार्म के बीच में आज तक कभी हमने फूल के पौधे लगे हुए नहीं देखे थे, मानो जैसे किसी पार्क का नज़ारा हो। सब कुछ अच्छा था लेकिन हमें यह पता नहीं था कि इंदौर पंहुच कर जाना कहाँ है और रात में किस होटल में हम आराम करेंगे। हमने सोचा इसके बारे में सोचें इससे पहले कुछ पेट पूजा कर ली जाए। हम स्टेशन परिसर से बाहर आकर एक सड़क किनारे दुकान पर बैठ गए। वहां हमने एक प्लेट पूरी सब्ज़ी और पोहा और साथ में चाय मंगवाया। वहां उस दुकान पर चंद लोग ही उस वक़्त नाश्ता कर रहे थे और वहाँ काम करने वाले एक अधेड़ उम्र के व्यक्ति ने हमारा ऑर्डर कुछ इस अन्दाज़ में लिया कि “ एक पूरी सब्ज़ी और एक पोहा बाहर आन दो ”। हम यह सुनकर उत्सुक हुए की चलो कम से कम कुछ नहीं तो चंद गिने चुने शब्द या कुछ स्थानीय बोल चाल की भाषा तो सीख कर जाएंगे। नाश्ता करके हमने वहीं पूछ लिया कि खरगोन के लिए बस कहाँ से मिलेगी तो जवाब मिला कि यहीं से होकर गुजरती है, बसें यहीं से मिल जाएगी। हमने अपना सामान उठाया और कुछ दूर चले ही थे कि एक बस आ गयी और हम सवार हो गए। जैसे जैसे शहर के भीतर से बस निकल रही थी मैं स्वच्छता से भरपूर शहर को देख कर ख़ुश हो रहा था। कहीं भी किसी दीवार पर किसी ने नहीं थूका था, कहीं कोई मकान या सड़क किनारे कचरे का ढेर ताक नहीं रहा था। किसी किसी दीवार पर तो पुरानी फिल्मों के पोस्टर पेंट किये गए थे। यह सब देखते हुए बस आगे बढ़ रही थी और एक सौ चालीस  किलोमीटर की दूरी तय करने में उसे लगभग 3 घण्टे का समय लगना था।

आधा दिन खत्म हो चुका था और हम बस में थे अचानक मुझे एक कॉल आया जिसमें यह बताया गया कि आप दोनों को खरगोन नहीं सनावद आना है। हम दोनों विचारहीन से होकर एक दूसरे को देखने लगे और सोचने लगे कि जब वहीं जाना था तो इस बस में ही नहीं बैठते। खैर, यह सब सोचते समझते चले जा रहे थे। बस एक जगह रुकी और कंडक्टर महाशय ने कहा कि जिनको कुछ खाना हो खा लें बस अभी 5 मिनट के लिए रुकी रहेगी। मैंने पास के ही एक दुकान से एक दर्जन केले और शिवांग ने अमरूद ले लिए और हमदोनो वापस बस के अंदर बैठ गए। अमरूद खाते समय यह बात शिवांग ने बताई कि यहाँ इसे जाम फल के नाम से जाना जाता है। बस क़रीब क़रीब तीन बजे के लगभग खरगोन पंहुच गयी और हम सनावद जाने वाली बस की खोज में बस स्टैंड में खड़े थे। एक बस कहीं से आई और कुछ यात्री उस बस की तरफ हमारे साथ ही चल पड़े। कंडक्टर ने बताया कि बस सनावद ही जाएगी लेकिन किराया दोगुना लगेगा। मनमानी कहाँ नहीं चलती सो यहां भी थी चूंकि उस पूरे दिन में कुछ एक गिने चुने बस थे इसलिए किराया मनमाना था। जब यह सारी कहानी चल रही थी उसी बीच में मैंने उत्सुकतावश कंडक्टर से पूछ लिया कि बस स्टैंड से कब निकलेगी? उत्तर खीजने वाला भी था और सुनकर हंसी भी आ रही थी। उन्होंने उत्तर दिया “ जब बस भरेगी तो जाएगी बार बार मत पूछिए कि कब जाएगी ”। हम दोनों चुप चाप अनजान शहर में और एक मात्र विकल्प सोच कर बैठ गए। रास्ते में अलग अलग गाँव अलग तरह की ढलान वाली खेती और परिवेश का नज़ारा लेते सनावद के करीब आ गए थे। कहते हैं कि भाग्य में जो लिखा हो वही मिलता है। ऐसा हमारे साथ भी हुआ, हमारे लिए रुकने की व्यवस्था जो सनावद में होनी थी नहीं हुई और अब दिन लगभग ख़त्म हो चुका था और सूरज की अंतिम लालिमा क्षितिज पर साफ दिख रही थी। मन थोड़ा परेशान था कि आखिर रात कहाँ गुज़ारेंगे। रास्ता कट रहा था और मैं खिड़की के साथ वाली सीट पर बैठ नज़ारे देख रहा था और सोच रहा था कि आखिर आज रहेंगे कहाँ। तभी, बस एक जगह रुकी और कोई बस में चढ़ा, मेरा ध्यान सड़क के उस तरफ के एक स्कूल पर लिखे वाक्य पर पड़ा, वहाँ एक गेट था जिसके ऊपर लिखा था ज्ञान प्राप्ति के लिए प्रवेश ; देश सेवा के लिए प्रस्थान। शिवांग ने तभी मुझसे पूछा कि भाई यहाँ से ओम्कारेश्वर कितनी दूरी पर है? मैंने फौरन फ़ोन में सर्च किया और कहा कि अट्ठारह किलोमीटर। बस फिर क्या था हमने उसी पल कार्यालय में फ़ोन किया और कहा कि ओमकारेश्वर में ही हमारे रुकने की व्यवस्था कर दी जाए। बारह ज्योतिर्लिंग में से एक ज्योतिर्लिंग के बिल्कुल बगल में रहने का मौका महादेव दें तो इससे सुंदर बात और क्या होगी। जहाँ महादेव तीनोलोकों का भ्रमण कर रात में सोने आते हों वहाँ अगर आप इतनी दूर से आकर रुक रहे हैं तो ज़ाहिर है कि यह योक्ति आपके द्वारा गठित नहीं है। आपका इसमें बस कर्म शामिल है भाग्य किसी और ने लिखा है।

हम ओमकारेश्वर डैम के बगल में स्थित एक रिज़ॉर्ट में पंहुच गए। जिस गाड़ी से हम बस स्टैंड से होटल आए उस ड्राइवर ने रास्ते में हमें बताया कि इस डैम का उपयोग पानी से बिजली बनाने के लिए भी किया जाता है। अब हमें आराम की बेहद आवश्यकता थी। शरीर बुरी तरीके से टूट रहा था, बाल धूल के कारण रूखे हो गए थे और भूख के मारे मानो दीवार को नोच खाने का मन कर रहा था। हो भी क्यूँ न आखिर दर्जन भर केले और एक अमरूद पर कितने देर तक इंसान टिका रहेगा। रूम में पंहुच कर सबसे पहले खाने का ऑर्डर दिया और बारी बारी से दोनों तरो ताज़ा हुए। खाना आया और खाते खाते हमदोनों सुबह से लेकर अब तक की बीती हुई गतिविधियों का विश्लेषण करने लगे। सुबह हुई और जो नज़ारा हमें देखने को मिला वो आंखों के लिए अतिप्रिय था। साफ हवा , नीला आसमान और शहर के व्यस्ततम वातावरण से दूर एक शांत सा गाँव। हमने सुबह नाश्ता किया और निकल गए शूट के लिए। शाम तक हम वीडियो शूट करते रहे और हमने लगभग आधा काम एक दिन में ही ख़त्म कर लिया, दिमाग में यह चल रहा था कि अगर एक दिन में अधिक से अधिक काम ख़त्म कर लें तो एक पूरा दिन हमें घूमने को मिल जाएगा। जहाँ हमारा होटल था वहां से कहीं भी जाने के लिए हमें लगभग पंद्रह किलोमीटर सूखे पड़े जंगल से गुज़रना पड़ता था जो कि काफी मनोरंजक भी था और भयावह भी। हमने अगले दिन काम पर न जाकर होटल के पीछे बह रही नर्मदा नदी के उस पर ओमकारेश्वर मंदिर देखने का निर्णय लिया। मैं तड़के ही उठा और नहा धो कर मंदिर के लिए तैयार हो गया। जब हम नदी के पास घाट पर पंहुचे तो वहां कुछ नाविक अपना नाव लिए चैन से धूप सेक रहे थे। हमने पूछा कि मंदिर तक जाना है तो उन्होंने कहा तीन सौ रुपये एक आदमी के लूँगा वह भी आधी दूर के क्योंकि नाव पूरी भरेगी तभी लेकर जाएंगे मंदिर तक। किराया सुनकर हमारा माथा ठनक गया और हम दोनों एक दूसरे को देखने लगे। निःसहाय होकर हमलोग बोले चलिए भैया कम से कम उसपार पंहुचा दीजिए ताकि वहां से पैदल जाकर दर्शन कर सकें। नाव वाले ने हमें उस पार छोड़ा और हम दर्शन करने के लिए छोटे बड़े पत्थरों को लांघ कर चल पड़े। थोड़ा आगे चलकर एक पुल दिखा और हम कैसे भी करके वहाँ तक पंहुचे, बहुत से पर्यटक और तीर्थयात्री उस पुल से होकर मंदिर की तरफ जा रहे थे, हम भी उनके साथ हो लिए। हमारे दाहिनी ओर एक बड़ा सा पहाड़ और हमारे बायीं तरफ कल कल बहती नर्मदा नदी। नज़ारा अद्भुत था सूर्य हमारे ठीक ऊपर आ चुका था और नदी का पानी उसकी रोशनी से बिल्कुल हरा दिख रहा था साथ ही ईंधन वाले नाव की टर्र टर्र की आवज़ वातावरण को गुंजाएमान रखी हुई थी। वहाँ जाकर हमें यह भी ज्ञात हुआ कि भगवान का एक शिवलिंग नदी के इस तरफ और दूसरा नदी के उस तरफ स्थित है और दोनों के अलग अलग नाम हैं। एक का ममलेश्वर और दूसरा ओमकारेश्वर। हमने दोनों के दर्शन बारी बारी से किया और प्रसाद लेकर वहां से अपने होटल को आ गए। शाम को जब मैंने फ़ोन देखा तो पाया कि हमने लगभग उस पूरे दिन में दस किलोमीटर पैदल सफ़र तय किया है।

मैं वहाँ चार दिन रहा और वहाँ लोगों से मिला बात किया और पाया कि वहाँ स्वीकृति में हाँ नहीं हाऊ बोला जाता है। वातावरण को देखा और जाना, कि कितना ठहराव है यहाँ। कोई इंसान आपके पीछे गाड़ी का हॉर्न नहीं बजा रहा है, कोई आपको पीछे छोड़ने के लिए आपसे प्रतिस्पर्धा नहीं कर रहा है। फसलें अपने गति से उग रहे हैं, हवा को परेशान करने के लिए कोई मिल नहीं है, किसी तरह की कोई आवाज़ परिवेश को प्रदूषित नहीं कर रही है, सभी अपने वेग और स्थिति से चल रहे हैं। रात को कुत्तों के भौंकने की आवाज़ काफी दूर से सुनाई दे रही है, लोग बहुत सभ्य और आत्मीयता से भरे हुए किसी अनजान यात्री का सत्कार कर रहे हैं, औरतें भिंडी की खेत से उसकी तुड़ाई कर रही हैं, चने के खेत मिलों तक पसरे हुए दिख रहे हैं, सड़कों पर लोग कम ही दिख रहे हैं, पेड़ के सूखे पत्ते गिरते हुए कितनी कलाबाजियां खा रहे हैं और ज़मीन को ऐसे छू रहे हैं जैसे कोई जहाज़ अपने उड़न पथ पर उतरता है। मैं यह सब देख कर भाव और ठहराव के सागर की कल्पना किये जा रहा था। मन में ठहराव की एक गठरी लेकर यह सोच रहा था कि फिर किसी गाँव में रुकने का मौका मिलेगा फिर कभी प्रकृति को नज़दीक से निहार सकूँगा। यही वापसी के समय ट्रेन में सोचते हुए मैंने अपनी यात्रा छब्बीस जनवरी को सुबह दिल्ली पँहुच कर समाप्त की।।





Comments

Popular posts from this blog

दास्तां-ए-जुनून

मेरे आस पास

सड़क